Raigarh News: पालकों ने स्कूल के प्रयासों की सराहना की, मासिक सम्मेलन आयोजित करने का दिया सुझाव

Raigarh News: पालकों ने स्कूल के प्रयासों की सराहना की, मासिक सम्मेलन आयोजित करने का दिया सुझाव

Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला चांदमारी रायगढ़ में पालक-शिक्षक सम्मेलन का आयोजन प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी की अध्यक्षता में शालेय स्टाफ की उपस्थिति में किया गया। सम्मेलन में बच्चों की नियमित उपस्थिति, समय पर शाला पहुंचने, अनुशासन, स्वच्छता और अच्छी आदतों के विकास सहित शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर पालकों से चर्चा की गई।

बैठक में बच्चों को नैतिक एवं मूल्यपरक शिक्षा देने, कक्षा कार्य और गृह कार्य नियमित रूप से पूर्ण कराने, बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करने तथा आधार कार्ड और एमबीयू अपडेट कराने की जानकारी दी गई। छात्रवृत्ति की पात्रता रखने वाले विद्यार्थियों के आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समय-सीमा में बनवाकर शाला में प्रस्तुत करने के संबंध में भी पालकों को अवगत कराया गया। इसके साथ ही तिमाही परीक्षा की समय-सारिणी और पाठ्यक्रम की जानकारी दी गई।

पालकों को शाला में बनाए गए कक्षा ग्रुप से जुड़े रहने और शाला की ओर से प्रसारित संदेशों के अनुरूप कार्य करने की अपील की गई। उचित एवं पर्याप्त कारणों से बच्चों के शाला नहीं आने पर अवकाश के लिए आवेदन पत्र देने या संदेश के माध्यम से सूचना देने, शाला से छुट्टी के बाद बच्चों के सही समय पर घर पहुंचने तथा शासकीय योजनाओं एवं शाला में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। पालकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया गया। साथ ही शाला के सुचारू संचालन के लिए पालकों से सहयोग और सुझाव भी लिए गए।

सम्मेलन में उपस्थित 52 पालकों ने शाला के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी और शिक्षकों द्वारा शाला एवं विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों और कार्यों की सराहना की। पालकों ने इस प्रकार के सम्मेलन का आयोजन हर माह करने का सुझाव दिया, जिसे सभी ने सहर्ष स्वीकार किया। सम्मेलन शिक्षक-पालक संवाद और आपसी सहयोग का प्रभावी उदाहरण बन गया।


Related Articles