Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के शासकीय कालिदास महाविद्यालय प्रतापपुर में विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर अब विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। कॉलेज में साफ-सफाई की कथित बदहाल व्यवस्था, गंदे वाशरूम, पर्याप्त पानी की समस्या और नामांकन फॉर्म की हार्ड कॉपी जमा करने के दौरान दोबारा 200 रुपये जनभागीदारी शुल्क लिए जाने के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर महाविद्यालय प्रशासन को दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
गंदे वाशरूम और पानी की समस्या से विद्यार्थी परेशान
अभाविप कोरिया विभाग संयोजक प्रदीप यादव ने बताया कि महाविद्यालय के छात्रा वाशरूम समेत अन्य बाथरूम की साफ-सफाई को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। नियमित सफाई नहीं होने के साथ कई बार पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
परिषद ने सवाल उठाया कि जब महाविद्यालय में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, तो उन्हें साफ-सुथरे वाशरूम और पर्याप्त पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं मिल पा रही हैं। अभाविप ने सभी वाशरूम और बाथरूम की नियमित सफाई कराने तथा पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
पहले लिया जनभागीदारी शुल्क, फिर 200 रुपये क्यों?
ज्ञापन में विद्यार्थियों से दोबारा 200 रुपये जनभागीदारी शुल्क लिए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अभाविप का कहना है कि विद्यार्थियों से प्रवेश के समय जनभागीदारी शुल्क पहले ही लिया जा चुका है। ऐसे में नामांकन फॉर्म की हार्ड कॉपी जमा करने के दौरान दोबारा 200 रुपये लिए जाने से विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। परिषद ने मांग की है कि यदि प्रवेश के समय जनभागीदारी शुल्क लिया जा चुका है, तो हार्ड कॉपी जमा करने के नाम पर विद्यार्थियों से दोबारा शुल्क नहीं लिया जाए।
अभाविप ने दी आंदोलन की चेतावनी
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं और आर्थिक हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से दोनों मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कोरिया विभाग संयोजक प्रदीप यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रिंकू नाविक, नगर मंत्री बरत लाल, धरमपुर नगर मंत्री नारायण पैकरा, डांडकरवा नगर मंत्री प्रमोद सिंह सहित राज यादव, नरेंद्र सिंह, सूर्या पैकरा, दिलीप यादव, पियूष मित्तल, अभिषेक कुशवाहा, श्याम यादव, श्रवण पैकरा, नीरज सिंह, कौशल्या, अनिमा, कांति, सीमा, राजकुमारी, ऐश्वर्या, सरिता समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई पर नजर
अभाविप के विरोध के बाद अब विद्यार्थियों की नजर महाविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई पर है। वाशरूम और पानी की समस्या का समाधान कब होगा और दोबारा लिए जा रहे 200 रुपये शुल्क को लेकर कॉलेज प्रशासन क्या स्पष्टीकरण देता है, यह देखने वाली बात होगी।

