Surajpur News: सेमरा खुर्द में सड़कों की बदहाली से ग्रामीण परेशान, जगह-जगह गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

Surajpur News: सेमरा खुर्द में सड़कों की बदहाली से ग्रामीण परेशान, जगह-जगह गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा खुर्द में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांव की कई सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

सबसे खराब स्थिति केवरा बाईपास से सेमरा खुर्द को जोड़ने वाली सड़क की बताई जा रही है। यह मार्ग आगे बनारस मुख्य मार्ग से जुड़ता है और आसपास के ग्रामीणों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

बारिश में गड्ढों में भर जाता है पानी

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। खासकर रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों के मुताबिक, खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को बेहद सावधानी से आवागमन करना पड़ रहा है।

सरपंच-सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल

सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन सड़क की मरम्मत और स्थायी समाधान के लिए पंचायत स्तर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

प्रशासन से सड़क मरम्मत की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से केवरा बाईपास से सेमरा खुर्द होते हुए बनारस मार्ग तक जाने वाली सड़क का स्थल निरीक्षण कराने और जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो बारिश के बाद इसकी स्थिति और खराब हो सकती है, जिससे आवागमन की समस्या के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ेगा।


Related Articles