Raipur News : कॉलोनीवासियों ने खुद संभाली जिम्मेदारी, श्रमदान से सड़क को बनाया आवागमन योग्य

Raipur News : कॉलोनीवासियों ने खुद संभाली जिम्मेदारी, श्रमदान से सड़क को बनाया आवागमन योग्य

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। रायपुरा स्थित वृंदावन कॉलोनी में सड़क की समस्या को लेकर कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर श्रमदान और आर्थिक सहयोग की मिसाल पेश की है। आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए कॉलोनीवासियों ने सामूहिक संकल्प लेते हुए कॉलोनी की प्रमुख सड़क को साफ-सुथरा और आवागमन योग्य बनाने का बीड़ा उठाया। सामूहिक प्रयास से सड़क का कार्य पूरा होने के बाद कॉलोनीवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

कॉलोनीवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरी कॉलोनी के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना था। इस कार्य में शासन की ओर से भी सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे निर्माण कार्य को गति मिली। कॉलोनीवासियों ने इस सहयोग के लिए पार्षद श्री अर्जुन जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से कार्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण मदद मिली।

सड़क निर्माण कार्य में श्री सनत चंद्राकर, श्री संतोष बघेली एवं श्री राजेश्वर जी ने अपना समय, श्रम और आर्थिक सहयोग देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा कॉलोनी के अनेक साथियों और पड़ोसियों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग देकर इस सामूहिक कार्य को सफल बनाने में योगदान दिया।

कॉलोनीवासियों ने कहा कि यह कार्य किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि सभी की एकता, सहयोग और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। सड़क का उपयोग कॉलोनी के बच्चों, बुजुर्गों और सभी नागरिकों द्वारा किया जाता है, इसलिए कॉलोनी की समस्याओं का समाधान भी सामूहिक जिम्मेदारी की भावना के साथ किया जाना चाहिए।

कार्य के दौरान किसी भी पड़ोसी भाई-बहन को हुई असुविधा के लिए कॉलोनीवासियों की ओर से क्षमा प्रार्थना भी की गई। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यदि किसी को परेशानी हुई है तो उसका उद्देश्य किसी को असुविधा देना नहीं था, बल्कि भविष्य में पूरी कॉलोनी के आवागमन को बेहतर और सुगम बनाना था।

कॉलोनीवासियों ने आगे भी जरूरत पड़ने पर श्रम, समय और अन्य सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि “हमारी एकता, हमारा सहयोग और हमारी सकारात्मक सोच ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” वृंदावन कॉलोनीवासियों के इस सामूहिक प्रयास को कॉलोनी के विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। लोगों ने इसी एकता और सहयोग की भावना के साथ भविष्य में भी कॉलोनी की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


Related Articles