पाटन। तहसील साहू संघ पाटन के तत्वावधान में 6 सितंबर 2026 को आयोजित ‘तीज महोत्सव एवं तीज मिलन समारोह’ में साहू समाज की एकजुटता और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की भव्य झलक देखने को मिली। भक्त माता कर्मा और नदिया बैल की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए इस आयोजन में 99 इकाइयों की सहभागिता के साथ बड़ी संख्या में सामाजिक जन शामिल हुए।
तीज क्वीन प्रतियोगिता में विभा साहू ने मारी बाजी
समारोह में पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। तेलीगुंडरा परिक्षेत्र की विभा साहू ने प्रथम स्थान हासिल कर ‘तीज क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि बेल्हारी परिक्षेत्र की श्रीमती ज्योति साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेल, लोक संगीत, पारंपरिक व्यंजनों की ‘बगिया’ और भक्त माता कर्मा पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन कर समारोह में चार चांद लगा दिए। वहीं गायक संजू साहू की छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रूढ़िवादिता छोड़ शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर
समारोह की मुख्य अतिथि एवं छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और दिखावे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समाज को केवल रोटी-बेटी के संबंधों तक सीमित न रहकर आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने शादी-विवाह, मृत्यु संस्कार और जन्मोत्सवों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची तथा उपहारों के लेन-देन की होड़ को समाप्त करने का आह्वान किया। डॉ. ममता साहू ने आदर्श विवाह, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को समाज की प्राथमिकता बनाने पर जोर दिया।
99 इकाइयों की सहभागिता बनी आयोजन की खासियत
तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने स्वागत भाषण में 99 इकाइयों की महिला पदाधिकारियों और सामाजिक बहनों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज की प्रतिभाओं को सामने लाने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का माध्यम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महिला संयोजिका श्रीमती दिव्या कलिहारी ने की। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री रामशिला साहू, जिला अध्यक्ष नंदलाल साहू, सह-संयोजिका शिल्पा साहू, जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन खेमलता साहू ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की मौजूदगी ने तीज महोत्सव को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गरिमा का यादगार अवसर बना दिया।

