Surajpur News: भैंसामुंडा में महानदी-बांकी नदी पुलों पर गड्ढों का जाल, बाहर निकली सरिया; हादसे का बढ़ा खतरा

Surajpur News: भैंसामुंडा में महानदी-बांकी नदी पुलों पर गड्ढों का जाल, बाहर निकली सरिया; हादसे का बढ़ा खतरा

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत प्रमुख मार्गों पर स्थित भैंसामुंडा महानदी पुल और बांकी नदी पुल की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। दोनों पुलों की सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जबकि कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोहे की सरिया बाहर निकल आई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।

महानदी पुल पर तालाबनुमा गड्ढे

भैंसामुंडा-बनारस मुख्य मार्ग पर स्थित महानदी पुल की सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ बड़े वाहनों के लिए भी आवागमन जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि पुल से रोजाना बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं। जर्जर सड़क के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

लाखों रुपये खर्च के बाद फिर खराब हुई सड़क

ग्रामीणों का दावा है कि कुछ महीने पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा महानदी पुल की मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद सड़क कम समय में ही दोबारा खराब हो गई। ग्रामीणों ने मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

बांकी नदी पुल की सड़क भी क्षतिग्रस्त

वहीं, प्रतापपुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर स्थित बांकी नदी पुल की हालत भी खराब बताई जा रही है। पुल की सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और कई स्थानों पर सड़क टूटने के कारण सरिया बाहर निकल आई है। तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के लिए यह गंभीर खतरा बन सकता है।

बड़े हादसे से पहले मरम्मत की मांग

दोनों पुलों की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों और राहगीरों में नाराजगी है। लोगों ने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से महानदी एवं बांकी नदी पुलों का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्सों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत और बाहर निकली सरिया को सुरक्षित तरीके से ठीक कराने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय विभाग को समय रहते दोनों पुलों की मरम्मत कराकर आवागमन सुरक्षित करना चाहिए।


Related Articles