Durg News: ‘ANSHU MATKA’ चैनल पर सट्टा नंबरों के वीडियो अपलोड, दो मोबाइल जब्त

Durg News: ‘ANSHU MATKA’ चैनल पर सट्टा नंबरों के वीडियो अपलोड, दो मोबाइल जब्त

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र में यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों का प्रचार-प्रसार कर सट्टा कारोबार को बढ़ावा देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी “ANSHU MATKA” नामक यू-ट्यूब चैनल पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से जुड़े वीडियो बनाकर अपलोड और प्रसारित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन सहित सट्टा लेन-देन से संबंधित डिजिटल सामग्री जब्त की है।

दुर्ग पुलिस को सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से यू-ट्यूब पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर अपलोड कर रहा है और उन्हें सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डुमरडीह निवासी रवि चेलक को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोबाइल फोन के जरिए “ANSHU MATKA” नामक यू-ट्यूब चैनल/अकाउंट पर “राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी” नामक सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाने, अपलोड करने और प्रसारित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो नग एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।


Related Articles