Rajnandgaon News : 21 करोड़ के हॉकी स्टेडियम की हालत खराब, स्प्रिंकलर बंद होने से बाल्टी से पानी डाल रहे खिलाड़ी

Rajnandgaon News : 21 करोड़ के हॉकी स्टेडियम की हालत खराब, स्प्रिंकलर बंद होने से बाल्टी से पानी डाल रहे खिलाड़ी

Chhattisgarh Rajnandgaon News : राजनांदगांव। शहर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम की बदहाल स्थिति खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। एस्ट्रोटर्फ में जगह-जगह काली मिट्टी जम गई है, जिससे खेल के दौरान खिलाड़ी फिसल रहे हैं। टर्फ की सफाई और उसमें पानी डालने के लिए लगाए गए स्प्रिंकलर खराब होने के कारण खिलाड़ी खुद बाल्टी से पानी डालकर टर्फ साफ करने की कोशिश कर रहे हैं।

वर्ष 2012-13 में ऑस्ट्रेलिया की कंपनी द्वारा यहां एस्ट्रोटर्फ बिछाया गया था। टर्फ की देखरेख और पानी डालने के लिए मैदान के चारों ओर स्प्रिंकलर लगाए गए थे, लेकिन वर्तमान में ये मशीनें खराब पड़ी हैं। जानकारी के अनुसार, एस्ट्रोटर्फ, स्प्रिंकलर मशीन और स्वीमिंग पूल सहित अन्य सुविधाओं के निर्माण पर करीब 21 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे।

वर्तमान में एस्ट्रोटर्फ पर काली मिट्टी की मोटी परत जम गई है। आसपास के कारखानों से उड़कर आने वाली काली मिट्टी के कारण टर्फ लगातार प्रभावित हो रहा है। मिट्टी के कारण खिलाड़ियों को खेलने के दौरान फिसलने का खतरा बना रहता है। ऐसे में खिलाड़ी खुद ही पानी लाकर टर्फ की सफाई करने की कोशिश कर रहे हैं।

विगत दिसंबर में अभाविप खेल प्रतियोगिता के दौरान विभाग द्वारा दिल्ली से मशीन मंगाकर एस्ट्रोटर्फ की सफाई कराई गई थी। नगर निगम के टैंकर से पानी मंगवाकर प्रेशर मशीन के जरिए टर्फ की सफाई की गई थी। हालांकि कुछ समय बाद ही हालात फिर पहले जैसे हो गए और टर्फ के चारों ओर काली मिट्टी जम गई है।

वर्ष 2013 में यहां पहली बार हॉकी मैच का आयोजन हुआ था। उस समय करीब 21 करोड़ रुपए की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैदान सहित अन्य संसाधन तैयार किए गए थे। अब एस्ट्रोटर्फ पुराना और आउटडेटेड हो चुका है। खिलाड़ियों की ओर से लंबे समय से नया एस्ट्रोटर्फ लगाने की मांग की जा रही है। वर्ष 2021-22 में एस्ट्रोटर्फ के साथ पवेलियन, फ्लड लाइन और शेड लगाने के लिए सर्वे भी कराया गया था, लेकिन अब तक इन कार्यों को पूरा नहीं किया जा सका है।

स्टेडियम के पवेलियन साइड में लगी कुर्सियां भी रखरखाव के अभाव में टूटने लगी हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से स्टेडियम की समस्याओं और नए एस्ट्रोटर्फ की मांग को लेकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। खिलाड़ियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस स्टेडियम में बेहतर सुविधाएं और नियमित रखरखाव जरूरी है, ताकि यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को परेशानी न हो और बड़े टूर्नामेंट भी बेहतर तरीके से आयोजित किए जा सकें।


Related Articles