Raipur News : स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, प्रदेश में 45 एक्टिव मरीज, 34 अस्पताल में भर्ती

Raipur News : स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, प्रदेश में 45 एक्टिव मरीज, 34 अस्पताल में भर्ती

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। तीन सितंबर को प्रदेश में 15 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही इस वर्ष अब तक स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 176 हो गई है। इनमें से 131 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि वर्तमान में 45 एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है।

इन 45 सक्रिय मरीजों में 34 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 11 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, नए मिले 15 मरीजों में रायपुर से सात और दुर्ग से पांच मरीज शामिल हैं। इसके अलावा कोरबा, महासमुंद और राजनांदगांव में एक-एक नए मरीज की पुष्टि हुई है।

जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक रायपुर में स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। सात नए मरीज मिलने के बाद जिले में अब तक कुल 73 संक्रमित मिल चुके हैं। दुर्ग में पांच नए मरीजों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 22 पहुंच गई है। वहीं बिलासपुर में अब तक 20 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है।

कोरबा में एक नए मरीज के साथ कुल मामले 11 और रायगढ़ में 10 हो गए हैं। धमतरी में अब तक नौ, राजनांदगांव में पांच, जबकि बस्तर, बेमेतरा और महासमुंद में तीन-तीन मरीज मिले हैं। जांजगीर-चांपा, कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में दो-दो मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा बालोद, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव, एमसीबी, मोहला-मानपुर और सक्ती में एक-एक मरीज दर्ज किया गया है।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने सर्दी, खांसी, तेज बुखार, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।


Related Articles