Chhattisgarh Durg News: भिलाई। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह गुरुवार को कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 31 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक दुर्ग-भिलाई में किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अपने स्कूली जीवन से जुड़े खेल अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी स्कूली जीवन में विभिन्न खेलों में भाग लिया और खेल के मैदान से मिले अनुभव आज भी उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार खेलों के विकास तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। इसके परिणामस्वरूप देश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न मंचों पर तिरंगा लहरा रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
विशेष अतिथि दुर्ग महापौर अलका बघमार ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है। खेलों से शारीरिक और मानसिक क्षमता मजबूत होती है, इसलिए विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहना चाहिए।
इससे पूर्व संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के.वी. राव ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों और दल प्रबंधकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर सहायक संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के.के. शुक्ला, सहायक संचालक खेल दुर्ग संभाग कल्पना स्वामी, पी.जे. सेबेस्टियन, पीताम्बर पटेल, राजेश प्रताप सिंह, धनीराम यादव और साहिबा सहित विभिन्न संभागों के व्यायाम शिक्षक, ऑफिशियल्स एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विनोद नायर, अशोक कुमार रिगरी, सुधीर बंसल, अविनाश चंद्रशील, पूनम मिश्रा, आरती शुक्ला, जावेद, टुम्मन देवांगन, सुनील कुमार डडसेना, उमेश निर्मलकर, मोहित, विशाल, योगेश, सुधांशु, यीतेश, परिवेश, राजेन्द्र, सीतेश्वर, सनत, हिमाचल, हिमांशु और यशोदा साहू सहित बड़ी संख्या में व्यायाम शिक्षक एवं खेल अधिकारी मौजूद रहे।
समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसएनजी एवं सेजेस बालाजी नगर भिलाई के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन ममता ध्रुव एवं नरोत्तम साहू ने किया। आभार प्रदर्शन सहायक संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के.के. शुक्ला ने किया।

