Chhattisgarh Balrampur News : बलरामपुर। जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि ED की टीम दो वाहनों से बलरामपुर पहुंची और सीधे सर्किट हाउस गई। यहां अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया को बुलाकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक ED की टीम अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ कर रही है। हालांकि, यह पूछताछ किस मामले और किन बिंदुओं को लेकर की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। ऐसे में कार्रवाई के कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि चेतन बोरघारिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के OSD रह चुके हैं। उनके सर्किट हाउस पहुंचने और ED टीम द्वारा पूछताछ किए जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
ED की टीम के सर्किट हाउस पहुंचने के बाद आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाए जाने की जानकारी है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री जांच के दायरे में है, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल ED की कार्रवाई को लेकर विस्तृत और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच किस मामले से संबंधित है और केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

