Bilaspur News: बिलासपुर बवाल में 11 गिरफ्तार, 8 वाहन और दुकान में हुई थी तोड़फोड़, 9 पुलिसकर्मी घायल

Bilaspur News: बिलासपुर बवाल में 11 गिरफ्तार, 8 वाहन और दुकान में हुई थी तोड़फोड़, 9 पुलिसकर्मी घायल

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात हुए बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ नामजद समेत अन्य आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद संदिग्धों की धरपकड़ शुरू की गई और अब मामले में दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 488/2026 के तहत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद के रूप में हुई है। ये आरोपी खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

वहीं अपराध क्रमांक 489/2026 के तहत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू शामिल हैं। राजू यादव और राकेश यादव कुंदरापारा निवासी हैं, जबकि छत्रपाल साहू डबरीपारा का रहने वाला है।

बवाल के दौरान पथराव और तोड़फोड़ से कई वाहनों और एक दुकान को नुकसान पहुंचा था। जानकारी के मुताबिक, 6 चार पहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और एक बाइक समेत कुल 8 वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। पथराव के कारण एक मकान की खिड़कियों के कांच भी टूट गए थे।

स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिसकर्मी भी पथराव की चपेट में आए। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। टीआई के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया है।

घटना के बाद खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस बल के अलावा दूसरे जिलों से करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाकर तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग की जा रही है।

एहतियात के तौर पर क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।

पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान में भी जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही ड्रोन के जरिए इलाके की निगरानी कर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


Related Articles