Chhattisgarh Ambikapur News : अंबिकापुर। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चंदौरा थाना क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में वाड्रफनगर पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक रामगोपाल की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार आरक्षक रामगोपाल ने शनिवार रात पूरी निष्ठा के साथ रात्रि गश्त की ड्यूटी की थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस टीम के साथ वाड्रफनगर चौकी लौटे। इसके बाद विभागीय कार्य से प्रतापपुर के लिए रवाना हो गए। प्रतापपुर में काम निपटाने के बाद वे बाइक से वाड्रफनगर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चंदौरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरक्षक रामगोपाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
सहकर्मियों के अनुसार रामगोपाल बेहद मिलनसार, हंसमुख और जिम्मेदार पुलिसकर्मी थे। अधिकारियों से लेकर साथी जवानों तक सभी के साथ उनका आत्मीय व्यवहार था। उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाती थी, वे उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाते थे। ड्यूटी के प्रति उनका समर्पण चौकी में उनकी अलग पहचान बनाता था।
आरक्षक रामगोपाल के अचानक निधन से वाड्रफनगर पुलिस चौकी में मातम पसरा है। सहकर्मियों ने कहा कि कर्तव्य निभाते हुए एक जिम्मेदार जवान का इस तरह असमय चले जाना पूरे पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। रामगोपाल के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं।

