Bijapur News : VLE को मिला डिजिटल और वित्तीय सेवाओं का प्रशिक्षण, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

Bijapur News : VLE को मिला डिजिटल और वित्तीय सेवाओं का प्रशिक्षण, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

Chhattisgarh Bijapur News : बीजापुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार अटल डिजिटल सुविधा केंद्र (ADSK) के विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (VLE) के लिए छह दिवसीय भौतिक एवं आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 18 से 24 अगस्त 2026 तक RSETI, बीजापुर में किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम बैच में जिले के 35 VLE ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे की विशेष उपस्थिति रही।

सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे ने प्रशिक्षणार्थी VLE को संबोधित करते हुए कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर CSC की विभिन्न डिजिटल एवं नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीणों और हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं प्रदान की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि VLE अपने ही ग्राम पंचायत में रहकर डिजिटल सेवाओं के माध्यम से स्वरोजगार और आय के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने प्रत्येक अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में CSC Kiosk Banking सेवा शुरू करने पर विशेष जोर दिया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को बैंक खाता खोलने, बैंकिंग लेन-देन तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) जैसी सेवाओं का लाभ ग्राम पंचायत स्तर पर मिल सकेगा। इससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी बैंकिंग सेवाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित बैंकों तक जाने की आवश्यकता कम होगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान CSC राज्य कार्यालय की टीम ने VLE को विभिन्न डिजिटल एवं वित्तीय सेवाओं की प्रक्रिया, उपयोग और कमीशन से संबंधित जानकारी दी। प्रथम दिवस Labour Registration, Agri Stack और महतारी वंदन योजना की पंजीयन प्रक्रिया, प्रगति तथा संबंधित सेवाओं में VLE को मिलने वाले कमीशन की जानकारी दी गई।

द्वितीय दिवस DigiPay एप्लीकेशन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। DigiPay के माध्यम से Aadhaar Enabled Payment System (AePS) के जरिए ग्रामीणों को ग्राम पंचायत स्तर पर बैंकिंग और लेन-देन की सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई गई।

चतुर्थ दिवस CSC Kiosk Banking सेवा पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। VLE को बताया गया कि सेवा शुरू होने के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर ही बैंक खाता खोलने और विभिन्न बैंकिंग लेन-देन की सुविधा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा सकेगी।

पांचवें और छठे दिवस Loan Services के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही PAN Card, Passport, NPS, Sewa Setu, Insurance सहित अन्य CSC सेवाओं की जानकारी भी VLE को प्रदान की गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में Lead Bank Manager, RSETI और NRLM की टीम की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही। विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधिकारियों एवं टीम सदस्यों ने VLE को बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और ग्रामीण स्तर पर रोजगार के अवसरों से संबंधित जानकारी दी।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य VLE को ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक डिजिटल, वित्तीय और नागरिक सेवाएं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने के लिए सक्षम बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि विभिन्न CSC सेवाओं का प्रभावी संचालन कर VLE को प्रतिमाह लगभग 15 से 20 हजार रुपये तक कमीशन आय अर्जित करने का अवसर मिल सकता है।

अटल डिजिटल सुविधा केंद्र की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं एवं VLE के लिए स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे डिजिटल सेवाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों को उनके गांव के करीब ही उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


Related Articles