Chhattisgarh Durg News: उतई। नगर पंचायत उतई में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगर के सभी 15 वार्डों में बंद स्ट्रीट लाइट, प्रमुख मार्गों पर बने गड्ढों और बरसात के कारण बढ़ी मच्छरों की समस्या का जल्द निराकरण करने की मांग रखी।
नगर कांग्रेस कमेटी ने बताया कि मिनीमाता चौक, पुलिस लाइन सहित नगर के कई हिस्सों में पिछले दो से तीन माह से सड़क बत्तियां बंद हैं। इसके कारण शाम होते ही कई इलाकों में अंधेरा छा जाता है। कांग्रेस ने कहा कि त्योहारों का मौसम सामने है, ऐसे में चौक-चौराहों, गलियों और प्रमुख सड़कों पर जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाई जानी चाहिए।
नगर पालिका अधिकारी की ओर से बताया गया कि पहले सीएमओ के पास लाइट खरीदकर लगाने का अधिकार था, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में यह सुविधा समाप्त कर दी गई है। अब पार्षद या अध्यक्ष निधि से ही लाइट लगाने की व्यवस्था है। कांग्रेस ने इस समस्या का तत्काल समाधान करने का आग्रह किया।
ज्ञापन में नगर के प्रमुख मार्गों पर बने गड्ढों का भी मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि बारिश के कारण कई सड़कों की स्थिति खराब हो गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने जल्द से जल्द गड्ढों का समतलीकरण कराने की मांग की।
इसके अलावा बरसात के मौसम में नालियों और आसपास के क्षेत्रों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की बात भी कही गई। कांग्रेस ने नालियों में दवा का छिड़काव कराने और फॉग मशीन के माध्यम से धुआं कर मच्छरों से बचाव के उपाय करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रहलाद वर्मा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेंद्र हिरवानी, जिला सचिव बहादुर नेताम, नेता प्रतिपक्ष द्वारिका साहू, पूर्व पार्षद वीरेंद्र गोस्वामी, तोषण साहू, मंडल उपाध्यक्ष भावेश साहू, युवा साथी टीकम डोनड़े, धनंजय नेताम सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

