Itarsi News: परिवार में मातम, तीन बेटियों की मौत; बिसरा जांच से खुलेगा मौत का राज

Itarsi News: परिवार में मातम, तीन बेटियों की मौत; बिसरा जांच से खुलेगा मौत का राज

Madhya Pradesh Itarsi News: इटारसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी और वर्तमान में इंदौर के बेटमा में रह रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खाना खाने के बाद एक ही परिवार की तीन मासूम सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो बेटियों की मौत इंदौर में इलाज के दौरान हुई, जबकि तीसरी बच्ची ने इंदौर से शव लेकर रायपुर लौटते समय इटारसी के अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, बेटमा में खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत बिगड़ गई थी। दोनों को इलाज के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन दोनों बच्चियों के शवों को एम्बुलेंस से रायपुर ले जा रहे थे।

इसी दौरान इटारसी के पास तीसरी बेटी 10 वर्षीय आशी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आशी ने भी दम तोड़ दिया।

शुरुआती जांच में उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है। इसलिए इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर प्राथमिक जांच शुरू की है। केस डायरी संबंधित बेटमा थाने भेजी जाएगी।

पुलिस ने तीनों मृत बच्चियों आशी, विशुका और विधि के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


Related Articles