Durg News: उतई और बोरीगारका में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर मंथन

Durg News: उतई और बोरीगारका में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर मंथन

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में पहली मंडल बैठक नगर पंचायत उतई स्थित विश्राम गृह और ग्राम बोरीगारका के कर्मा भवन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसमस्याओं को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू प्रमुख रूप से शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास संघर्ष का रहा है और अब फिर आम जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक लड़ने की जरूरत है। उन्होंने प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जाने और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से गरीब, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कांग्रेस की ओर से स्मार्ट मीटर के विरोध में फॉर्म भरने का अभियान शुरू किया गया है। इसे हर घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत होगा, तभी भाजपा सरकार की नीतियों का मजबूती से जवाब दिया जा सकेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और उनकी समस्याएं सुनने की अपील की।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य निष्क्रिय बूथों को सक्रिय करना और नए ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में हर वार्ड और ग्राम पंचायत में बैठकें आयोजित की जाएंगी।

मंडल अध्यक्ष राकेश हिरवानी ने कहा कि उतई और बोरीगारका क्षेत्र में कई जनसमस्याएं हैं, जिन्हें कांग्रेस कार्यकर्ता प्राथमिकता के साथ उठाएंगे। उन्होंने स्मार्ट मीटर विरोधी अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया।

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, उतई मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र बंजारे, उतई नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रहलाद वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता भीषम हिरवानी, खुमान साहू, डिकेंद्र हिरवानी, नंद कुमार सेन, रिवेन्द्र यादव, जागृति साहू, जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, सरपंच चुम्मन यादव, सरपंच युगल किशोर साहू, डॉ. पिलेश्वर साहू, जामवंत गजपाल, घनश्याम गजपाल, पुष्पा साहू सहित कई कांग्रेसजनों ने अपने विचार रखे। सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।

बैठक के अंत में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और आमजन की समस्याओं को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मंडल, सेक्टर और बूथ कमेटी के पदाधिकारियों के साथ महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Related Articles