Korba News: देवपहरी जलप्रपात में तीन युवकों की जान पर बनी, SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

Korba News: देवपहरी जलप्रपात में तीन युवकों की जान पर बनी, SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसून के चलते लगातार बारिश से नदियों और जलप्रपातों का जलस्तर बढ़ रहा है। इसी बीच कोरबा के प्रसिद्ध देवपहरी जलप्रपात में घूमने पहुंचे तीन युवक अचानक हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। तीनों युवकों ने वीडियो कॉल के जरिए रेस्क्यू टीम से संपर्क किया और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।

जानकारी के मुताबिक गुरमा श्यांग गांव के रहने वाले धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी सोमवार को घूमने के लिए देवपहरी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों फोटो खिंचाने के लिए नदी के बीच बने टापू तक चले गए थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तीनों युवक टापू पर फंस गए।

जलस्तर बढ़ने के बाद युवकों ने टापू के बीच बनी छतरी में रातभर शरण ली। उन्होंने रेस्क्यू टीम से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया और अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। SDRF की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा और लगातार बढ़ता जलस्तर रेस्क्यू में बड़ी बाधा बना। मंगलवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी को मौके पर भेजा गया और SDRF की टीम को बुलाया गया। रातभर रेस्क्यू का प्रयास किया गया, लेकिन जलस्तर कम नहीं होने के कारण तीनों युवकों को बाहर नहीं निकाला जा सका।

फिलहाल तीनों युवक टापू पर सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस, SDRF और ग्रामीणों की टीम उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई है। बारिश के मौसम में जलप्रपात और नदी क्षेत्रों में अचानक बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।


Related Articles