Chhattisgarh Surajpur News: प्रतापपुर। विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मायापुर-2 स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों से टाई-बेल्ट के नाम पर राशि लिए जाने का मामला सामने आया है। बच्चों के बयानों के अनुसार, कुछ विद्यार्थियों से टाई के नाम पर ₹30 से ₹40 तक लिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, कुछ बच्चों ने राशि स्वेच्छा से देने की बात कही है, जबकि कुछ विद्यार्थियों ने शिक्षकों द्वारा टाई लाने के नाम पर पैसे लिए जाने की जानकारी दी है। ऐसे में पूरा मामला जांच का विषय बन गया है।
मामले की जानकारी लेने जब टीम स्कूल पहुंची तो कुछ बच्चों ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से राशि दी है। वहीं, कुछ विद्यार्थी टाई और बेल्ट पहने हुए भी नजर आए। इस स्थिति में सवाल उठ रहा है कि शासकीय विद्यालय में टाई-बेल्ट के नाम पर विद्यार्थियों से राशि लेने की आवश्यकता क्यों पड़ी और क्या इसके लिए विभागीय अनुमति ली गई थी।
पिछले वर्ष भी सामने आया था मामला
बताया जा रहा है कि टाई-बेल्ट के नाम पर राशि लेने से जुड़ा मामला पिछले वर्ष भी सामने आया था। स्कूल से जुड़े विभिन्न मामलों की जानकारी पूर्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मन्नू धुर्वे को दिए जाने की बात भी सामने आई है। बताया गया है कि पूर्व में संबंधित मामले में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था।
निष्पक्ष जांच की उठी मांग
अब पूरे मामले में शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। जिला एवं विकासखंड स्तर के शिक्षा अधिकारियों से मांग की जा रही है कि विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों और अभिभावकों से जानकारी ली जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि टाई-बेल्ट के नाम पर वास्तव में कितनी राशि ली गई और इसके लिए विद्यालय को विभागीय अनुमति प्राप्त थी या नहीं।
यदि जांच में बिना अनुमति विद्यार्थियों से राशि लिए जाने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार शिक्षक-शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

