Chhattisgarh Gariaband News: गरियाबंद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त की रात देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेक पोस्ट, NH-130C पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक आयशर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन की छत पर तिरपाल के नीचे अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके आगे एक मोटरसाइकिल पर दो लोग रास्ता दिखाते हुए चल रहे थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मामले की आगे की कड़ियां जोड़ते हुए गांजा उपलब्ध कराने वाले आरोपी विनोद दिसारी को भी ओडिशा से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 किलो गांजा, 6.50 लाख रुपये नकद, आयशर वाहन, ग्लैमर मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

