Chhattisgarh Rajnandgaon News : राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र के रेवाडीह स्थित राज इंपीरियल होटल के पास रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से करीब 14 मवेशियों की मौत हो गई। हादसे के समय बड़ी संख्या में मवेशी सड़क पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गति से गुजर रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर मवेशियों के शव पड़े होने के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। हादसे के बाद रात के समय प्रमुख सड़कों पर बैठे मवेशियों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना के बाद नेशनल हाईवे की काऊ कैचर टीम और नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त सड़कों पर अक्सर मवेशियों के झुंड बैठे रहते हैं। इसके बावजूद उन्हें पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रभावी और नियमित अभियान नहीं चलाया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण पहले भी दुर्घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। हादसे के बाद पशु चिकित्सा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बेसहारा मवेशियों की पहचान, देखरेख और उनके लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।
शहरवासियों का कहना है कि यह मामला केवल यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा, पशु संरक्षण और प्रशासनिक जवाबदेही से भी जुड़ा हुआ है। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से सड़कों पर मवेशियों की मौजूदगी रोकने के लिए प्रभावी अभियान चलाने और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

