Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। बस्तर और ओडिशा में लगातार हो रही झमाझम बारिश का असर अब इंद्रावती नदी पर दिखाई दे रहा है। नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और जलस्तर 8.40 मीटर तक पहुंच गया है। जगदलपुर के पुराने पुल के ऊपर से भी पानी बहने लगा है। नदी-नालों के उफान पर आने से दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।
इंद्रावती नदी के साथ उसके सहायक नाले भी उफान पर हैं, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए SDRF को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जगदलपुर तहसीलदार के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
बेलगांव से नगरनार को जोड़ने वाले मार्ग के ऊपर से भी बाढ़ का पानी बह रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से सड़क पार करते नजर आए। वहीं चित्रकोट में भी लगातार बारिश के कारण जलप्रवाह बढ़ गया है और जलप्रपात का नजारा और अधिक आकर्षक हो गया है।
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। अगले सात दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक लगातार तेज बारिश हुई, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर के पास नाले में फंसे एक युवक को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश से बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। अगले सात दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार इसकी तीव्रता अलग-अलग रहने की संभावना है।

