Durg News: पेपर लीक मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 अब भी फरार; नेटवर्क की तलाश जारी

Durg News: पेपर लीक मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 अब भी फरार; नेटवर्क की तलाश जारी

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक पेपर लीक का मास्टरमाइंड दुर्ग के एक निजी कॉलेज का प्रोफेसर निकला है। इस मामले में प्रोफेसर समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा, कॉपी और फेविकोल समेत अन्य सामग्री जब्त की है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस पेपर लीक करने के तरीके और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि पेपर लीक की घटना में निजी कॉलेज के प्रोफेसर की अहम भूमिका थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रश्नपत्र हासिल करने, उसकी रिकॉर्डिंग करने और आगे पहुंचाने में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पेपर लीक से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पेपर लीक के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी। मामले में पुलिस आगे भी कार्रवाई जारी रखे हुए है।


Related Articles