Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की MBBS NEET-UG 2026 मेरिट सूची को लेकर NSUI ने सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की है। संगठन के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल ने मुख्यमंत्री के नाम रायपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कुछ अभ्यर्थियों के डोमिसाइल, जाति प्रमाण-पत्र, श्रेणी और अन्य पात्रता संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन की मांग की।
NSUI का कहना है कि सामने आए मामलों को केवल कुछ अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि पूरी MBBS मेरिट सूची और सभी अभ्यर्थियों के पात्रता संबंधी दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए। संगठन ने विशेष रूप से ऐसे अभ्यर्थियों के मामलों की जांच की मांग की है, जिनके नाम अन्य राज्यों की मेरिट सूचियों में भी सामने आने का दावा किया गया है।
ज्ञापन में रिद्धि टांडी, मान्या साहू, नेविदिता मंडावी, आहाना बेशीबा मसीह, लक्ष्य चौरे, आकांशा मारिया, शीतल और प्रिंसी एस. बल्लेवार सहित अन्य अभ्यर्थियों के डोमिसाइल, जाति प्रमाण-पत्र और पहचान संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन की मांग की गई है।
ज्ञापन में द्विज सिंह के मामले का भी उल्लेख किया गया है। NSUI ने कहा कि वर्ष 2025 में उनकी श्रेणी सामान्य वर्ग के रूप में दर्ज थी, जबकि वर्ष 2026 में ST श्रेणी में दर्ज होने को लेकर सवाल उठे हैं। संगठन ने दोनों वर्षों के आवेदन पत्रों, श्रेणी संबंधी विवरण और जाति प्रमाण-पत्रों की जांच की मांग की है।
हेमंत पाल ने कहा कि इन मामलों को उठाने का उद्देश्य किसी अभ्यर्थी को बिना जांच दोषी ठहराना नहीं है। सामने आए दस्तावेजों और मेरिट सूची में दिखाई दे रहे तथ्यों का सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यापन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी के पास दो अलग-अलग राज्यों के निवास प्रमाण-पत्र हैं, तो उसकी पात्रता और दोनों राज्यों की MBBS प्रवेश प्रक्रिया में लाभ लेने की स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है। NSUI ने मांग की है कि जांच के बाद यदि किसी अभ्यर्थी की अपात्रता या दस्तावेजों में अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए और संशोधित एवं सत्यापित मेरिट सूची जारी की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में समयबद्ध और निष्पक्ष जांच नहीं होती है तो विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान रायपुर उत्तर विधानसभा NSUI अध्यक्ष अनुज शुक्ला, पुनेश्वर लहरें, अंकित बंजारे, शेख अर्सलान, ईडिया घृतलहरे, विकाश जैन और रीत आहूजा सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

