Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ की जिला शाखा बिलासपुर की कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया है। कलेक्ट्रेट स्थित मंथन सभागार में आयोजित बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी की अध्यक्षता में नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। इस दौरान कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नई कार्यकारिणी में कलेक्टर कार्यालय के प्रदीप तिवारी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं शिक्षा विभाग के प्रशांत पाण्डेय को जिला सचिव की जिम्मेदारी दी गई। कलेक्ट्रेट की जूही सोम को महिला प्रकोष्ठ की जिला सचिव और शिक्षा विभाग के सुमंत यादव को उप प्रांताध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।
बैठक में संघ के प्रांतीय और जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकारिणी के पुनर्गठन को लेकर चर्चा के बाद सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने लिपिक कर्मचारियों के हित में पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ काम करने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि लिपिक वर्ग के कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना, उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करना और संगठन को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। कर्मचारियों से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि संघ का उद्देश्य लिपिक कर्मचारियों की समस्याओं का उचित समाधान कराने के साथ उनके हितों की रक्षा करना है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी, प्रांतीय सचिव वर्षा रानी चरण, प्रदीप तिवारी, प्रशांत पाण्डेय, सुमंत यादव, अंकित तिवारी, देवेंद्र पटेल, गोपी चौहान, अनिल पुजारी, राकेश सूर्यवंशी, जूही सोम, रजनी मेहर, जमुना शंकर जायसवाल, रजनी तिवारी, शिमला टंडन, हरेन्द्र सूर्यवंशी और रूपेंद्र बंजारे सहित बड़ी संख्या में लिपिक कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यकारिणी के पुनर्गठन के बाद संघ को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और लिपिक कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की बात कही है।

