Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार किसानों को खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सेवा सहकारी समितियों का दौरा किया। उन्होंने कुम्हारी, गोढ़ी, ओटेबंद, अहिवारा और अहेरी की समितियों में पहुंचकर खाद की उपलब्धता और किसानों की समस्याओं की जानकारी ली।
दौरे के दौरान राकेश ठाकुर ने समिति प्रबंधन और कर्मचारियों से डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की उपलब्धता, मांग के अनुरूप आपूर्ति तथा वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से भी सीधे संवाद कर खेती-किसानी से जुड़ी परेशानियों को जाना।
किसानों ने बताई खाद की समस्या
किसानों ने बताया कि खेती के महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने डीएपी और यूरिया की कमी, समितियों में सीमित स्टॉक तथा समय पर खाद नहीं मिलने की समस्या कांग्रेस जिलाध्यक्ष के सामने रखी।
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद राकेश ठाकुर ने कहा कि किसानों को फसल के लिए खाद लेने बार-बार समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद की कमी किसानों की फसल और आय दोनों को प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि सेवा सहकारी समितियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में डीएपी, यूरिया और अन्य आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं। किसानों को निजी दुकानों से अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग
राकेश ठाकुर ने खाद की कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने की शिकायतों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर समय पर खाद उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। यदि कहीं जमाखोरी, कालाबाजारी या किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की शिकायत मिलती है तो प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
कोरोना काल का किया जिक्र
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कोरोना जैसी विषम परिस्थितियों में भी तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि जब सामान्य परिस्थितियां हैं, तब किसानों को खाद के लिए परेशान होना भाजपा सरकार की कृषि व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि सरकार को केवल किसान हितैषी होने का दावा करने के बजाय जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस संगठन लगातार किसानों से संवाद कर खाद की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को खाद के लिए परेशान किया गया तो कांग्रेस पार्टी उनकी आवाज मजबूती से उठाएगी और सरकार से तत्काल राहत की मांग करेगी।
इस दौरान हीरा वर्मा, प्रमोद राजपूत, प्रकाश ठाकुर, उमेश साहू, मनहरण यादव, राजेश्वर सोनकर, कमलेश साहू, कैलाश नाहटा, नागमणि साहू, ऊषा सोनवानी, पुष्कर चंद्राकर, हिमांशु शर्मा, अभिषेक जांगड़े, जय साहू, ओनी महिलांग, सुमित नारंग, भूपेंद्र साहू, जसवन गायकवाड़, रोहित यादव, धरम बर्रे, जगदीश मार्कण्डेय, उमेश बंजारे, हेमन्त साहू, राजा पाल, अमित ठाकुर, भागवत बंजारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

