Raipur News: नगर निगम का राजस्व वसूली अभियान तेज, बड़े बकायादारों की संपत्तियां सील; कई ने मौके पर चुकाया लाखों का बकाया

Raipur News: नगर निगम का राजस्व वसूली अभियान तेज, बड़े बकायादारों की संपत्तियां सील; कई ने मौके पर चुकाया लाखों का बकाया

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के राजस्व विभाग ने सभी जोनों में बकाया राजस्व की वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया है। समय पर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ सीलबंदी की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कई बड़े बकायादारों ने मौके पर ही लाखों रुपये का भुगतान कर अपनी संपत्ति सील होने से बचाई या सीलबंदी के बाद बकाया राशि जमा कराई।

उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और सभी जोन कमिश्नर एवं सहायक राजस्व अधिकारियों द्वारा अभियान की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है। निगम का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ संपत्ति मालिकों को समय पर कर एवं अन्य देय राशि जमा करने के लिए प्रेरित करना है।

जोन 6 और 7 में बड़ी कार्रवाई

जोन 6 के राजस्व विभाग ने वार्ड 65 क्षेत्र में बकाया वसूली अभियान चलाया। वार्ड 62 में दो बकायादारों ने सीलबंदी की कार्रवाई के दौरान ही क्रमशः 55,404 रुपये और 39,410 रुपये का पूरा बकाया मौके पर जमा कर दिया। जोन 7 के पंडित ईश्वरी चरण शुक्ल वार्ड क्रमांक 22 में संगीता शाह, विशाल शाह और विशेष शाह पर वर्ष 2024-25 से 1,24,245 रुपये बकाया होने पर संपत्ति सील की गई। इसी वार्ड में सुनील शाह की संपत्ति भी 55,292 रुपये के बकाये के कारण सील की गई।

स्वामी आत्मानंद वार्ड क्रमांक 38, चौबे कॉलोनी में भिलाई स्टील एंड रिसर्च सेंटर पर वर्ष 2020-21 से 11,82,544 रुपये का बकाया होने पर संपत्ति सीलबंद की गई। वहीं वार्ड 22 में पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट, आमानाका के बकायादार ने सीलिंग कार्रवाई होते ही 1,23,011 रुपये का पूरा भुगतान कर दिया।

जोन 8, 9 और 10 में भी कार्रवाई

जोन 10 के विद्याचरण शुक्ल वार्ड 50 में सरिता वाजपेयी पर 3,20,316 रुपये और अनिता कुकरेजा पर 44,196 रुपये के बकाये के चलते संपत्तियां सील की गईं। जोन 8 के वार्ड 2 में बजरंग लाल अग्रवाल और अनिता अग्रवाल ने सीलबंदी के दौरान 1,31,822 रुपये का भुगतान किया। वहीं तापसी डे और गोपाल प्रसाद डे ने 52,934 रुपये के बकाये में से 30,198 रुपये का आंशिक भुगतान किया।

वार्ड 20 में शुभम के मार्ट परिसर का पुनर्मूल्यांकन कर यूजर चार्ज में 2,04,000 रुपये की वृद्धि की गई। वार्ड 70 में अरिहंत उद्योग के यूजर चार्ज में 4,03,872 रुपये की बढ़ोतरी की गई। वार्ड 69 में कृष्णकांत रामावतार तिवारी ने सीलबंदी के दौरान RTGS के माध्यम से 3,55,316 रुपये का पूरा भुगतान कर दिया। जोन 9 में एक बकायादार का बल्क नल कनेक्शन विच्छेद किए जाने के बाद मौके पर ही 3,38,608 रुपये का पूरा बकाया जमा कराया गया।

जोन 4 और 5 में भी बड़े बकायादारों पर शिकंजा

जोन 4 में अमरपाल सिंह की 6,18,000 रुपये के बकाये वाली संपत्ति सील की गई। स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड 44 स्थित रामदेव मार्केट में प्रमोद कुमार राव ने सीलिंग कार्रवाई के दौरान 1,88,180 रुपये का भुगतान कर दिया।

इसी वार्ड में पद्मादेवी एवं अन्य पर वर्ष 2021 से 5,28,176 रुपये के बकाये के चलते संपत्ति सील की गई। एक अन्य बकायादार पर वर्ष 2019-20 से 5,04,762 रुपये तथा शांति लाल बरलोटा पर वर्ष 2020-21 से 2026-27 तक 69,158 रुपये बकाया होने पर संपत्तियां सील की गईं। जोन 5 में भी एक बड़े बकायादार ने संपत्ति सील होने के बाद 6,14,909 रुपये का पूरा भुगतान कर दिया।

निगम ने दी समय पर भुगतान की सलाह

नगर निगम राजस्व विभाग का बकाया वसूली अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने संपत्ति मालिकों और अन्य बकायादारों से समय पर कर, यूजर चार्ज और अन्य देय राशि जमा करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ संपत्ति सीलबंदी, नल कनेक्शन विच्छेदन सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


Related Articles