Ambikapur News: राजीव गांधी शिक्षा मिशन के फर्नीचर घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, तत्कालीन अधिकारी समेत 3 गिरफ्तार

Ambikapur News: राजीव गांधी शिक्षा मिशन के फर्नीचर घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, तत्कालीन अधिकारी समेत 3 गिरफ्तार

Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। राजीव गांधी शिक्षा मिशन में वर्ष 2011-12 के दौरान सामने आए करोड़ों रुपये के कथित फर्नीचर घोटाले के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी एसपी पाण्डेय और दर्शन फेब्रिकेशन फर्म के प्रोपराइटर संजय पटेल समेत तीन लोग शामिल हैं।

फर्नीचर खरीदी में अनियमितता का आरोप

मामला वर्ष 2011-12 का है, जब राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत फर्नीचर की खरीदी की गई थी। आरोप है कि इस दौरान खरीदी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी हुई। मामले की जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ACB ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

दो महीने पहले कार्यालय पहुंची थी ACB की टीम

जांच के सिलसिले में करीब दो महीने पहले ACB की टीम ने संबंधित कार्यालय पहुंचकर फर्नीचर खरीदी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की थी। टीम ने इस दौरान फर्नीचर खरीदी से संबंधित हार्ड कॉपी दस्तावेजों के साथ डिजिटल रिकॉर्ड भी जब्त किए थे। जब्त दस्तावेजों और जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अब ACB ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कई अधिकारी और फर्म जांच के दायरे में

कथित फर्नीचर घोटाले की जांच के दौरान विभाग के करीब 6 से 7 अधिकारियों के नाम सामने आने की जानकारी है। इसके अलावा फर्नीचर की सप्लाई और खरीदी से जुड़ी करीब 12 फर्मों की भूमिका भी जांच के दायरे में रही है। मामले में ACB ने IPC की धारा 420 और 120(B) के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) और 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया था।

गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज

तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब ACB मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच के आधार पर घोटाले में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।


Related Articles