Durg News: राकेश ठाकुर बोले- कोरोना काल में भी भूपेश बघेल सरकार ने किसानों को नहीं होने दी खाद की कमी

Durg News: राकेश ठाकुर बोले- कोरोना काल में भी भूपेश बघेल सरकार ने किसानों को नहीं होने दी खाद की कमी

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की सेवा सहकारी समितियों सोमनी, नन्दौरी, मुरमुंदा और नारधा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन, संग्रहण और भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों की समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान राकेश ठाकुर ने समितियों में संग्रहित धान की स्थिति, सुरक्षित रख-रखाव, परिवहन और उठाव की जानकारी समिति पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से ली। उन्होंने कुल भंडारित धान, अब तक हुए उठाव और परिवहन की स्थिति की भी जानकारी ली।

उन्होंने बारिश और नमी के कारण धान के खराब होने की संभावनाओं को लेकर भी जानकारी ली। संग्रहण केंद्रों की वास्तविक स्थिति की फोटो और वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जमीनी स्थिति से अवगत कराया जा सके।

दौरे के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने समितियों में डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने की समस्या बताई। किसानों का आरोप है कि एक ओर उन्हें सोसायटियों में पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर खाद की कालाबाजारी के कारण परेशानी बढ़ रही है।

किसानों की शिकायत पर राकेश ठाकुर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय और कृषि व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन खेती के महत्वपूर्ण समय में किसान आवश्यक खाद के लिए परेशान हैं। उन्होंने सरकार से सोसायटियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने की मांग की।

राकेश ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि कोरोना काल जैसी कठिन परिस्थितियों में भी किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय पूरे देश में चुनौतीपूर्ण स्थिति थी, इसके बावजूद किसानों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर सरकार ने प्राथमिकता से काम किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसानों को खाद के लिए सोसायटियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। समय पर खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

धान भंडारण व्यवस्था को लेकर राकेश ठाकुर ने कहा कि किसानों की मेहनत से उपार्जित धान का सुरक्षित भंडारण और समय पर उठाव बेहद जरूरी है। बारिश और नमी के कारण धान को नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने समिति प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से धान के सुरक्षित रख-रखाव के साथ समय पर उठाव और परिवहन सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार जमीनी स्तर पर निगरानी रख रही है। धान उपार्जन, भंडारण या खाद की उपलब्धता में कहीं भी लापरवाही सामने आने पर मामले को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संज्ञान में लाया जाएगा और किसानों के हित में आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीतिक विरोध करना नहीं, बल्कि किसानों की उपज सुरक्षित रहे, उन्हें समय पर खाद मिले और खेती-किसानी में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जमीनी स्तर पर निगरानी रखना है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य धान संग्रहण केंद्रों और सेवा सहकारी समितियों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

इस दौरान प्रमोद राजपूत, हीरा वर्मा, प्रकाश ठाकुर, उमेश साहू, श्रीकांत वर्मा, कमलेश साहू, आकाश कुर्रे, अभिषेक जांगड़े, जगदीश मारकंडे, पंकज सिकट, धरम बर्रे, सुमित नारंग, सुमन साहू, गज्जू साहू, सुनीता चन्नेवार, रामप्यारी वर्मा, रानी बंछोर, मोहन साहू, पप्पू गोपेन्द्र चंद्राकर, टेनेंद्र ठाकरे, सुयश शखरे, बबुआ, ओंकार निर्मलकर, इस्माईल आजाद, लेख राम साहू, चन्द्र शेखर शर्मा, योगेश टिकरिहा, भोज पाटिल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और किसान मौजूद रहे।


Related Articles