Bilaspur News : तीन दिन पहले रायगढ़ से लाया गया था किशोर, न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में होगी जांच

Bilaspur News : तीन दिन पहले रायगढ़ से लाया गया था किशोर, न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में होगी जांच

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। नूतन कॉलोनी चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रायगढ़ से लाए गए दुष्कर्म के मामले में हिरासत में लिए गए एक नाबालिग की मौत हो गई। मंगलवार सुबह किशोर की लाश संप्रेक्षण गृह के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य के मुताबिक, रायगढ़ जिले के किशोर को नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में करीब तीन दिन पहले बिलासपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह लाया गया था। मंगलवार सुबह उसकी लाश बाथरूम में लटकी मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोर ने अपने गमछे से फंदा बनाया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची है। घटना की जानकारी कलेक्टर को दे दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, मामले में न्यायिक जांच की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कराया जाएगा, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।

पुलिस ने किशोर के स्वजन को भी घटना की जानकारी दे दी है। उनके बिलासपुर पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।


Related Articles