Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम सेरीखेड़ी (खदरहा भाटा) में 16-17 अगस्त की दरमियानी रात युवक और महिला की मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव गांव के पास एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने देर रात करीब 1 बजे पेड़ पर दोनों को देखा और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पहचान की कार्रवाई पूरी की गई।
मृतकों की पहचान मेघराज साहू (32) पिता स्वर्गीय दम्मत राम साहू, निवासी सेरीखेड़ी और नंदिनी ध्रुव (35) पति ललित ध्रुव, निवासी सेरीखेड़ी के रूप में हुई है।
प्राथमिक जांच और स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, नंदिनी ध्रुव का अपने पति ललित ध्रुव के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी वजह से वह पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसका परिचय गांव के ही मेघराज साहू से हुआ और दोनों के बीच नजदीकी बढ़ गई थी। दोनों निजी काम और मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करते थे। नंदिनी की छह साल की बेटी भी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों घर से निकल गए थे। इसके बाद खदरहा भाटा के पास दोनों के शव मिलने की जानकारी सामने आई।
हालांकि, विवाद के बाद दोनों के साथ क्या हुआ और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
मंदिर हसौद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मर्ग पंचनामा तैयार किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी। फिलहाल पुलिस दोनों की मौत से जुड़े घटनाक्रम, उनके आपसी संबंध और घटना से पहले की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

