Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। गंज थाना क्षेत्र के झूलेलाल चौक स्थित होटल बंसल पैराडाइज में एमएससी छात्रा रीमन मंडावी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने वाराणसी निवासी किशन कुमार भारद्वाज के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों की पहचान करीब आठ महीने पहले इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हुई थी।
दोनों के बीच बातचीत के बाद मुलाकातें शुरू हुई थीं और पिछले कुछ समय में वे होटल बंसल पैराडाइज में एक-दो बार मिल चुके थे। इसी वजह से होटल का स्टाफ भी दोनों को पहले से पहचानता था। 14 अगस्त को भी दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे। फिलहाल होटल के कमरे में ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद किशन ने रीमन पर चाकू से हमला कर दिया, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
किशन कुमार भारद्वाज (27) वाराणसी का रहने वाला है और सशस्त्र बल में भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसका एक भाई सेना में है। वहीं रीमन मंडावी (26) मोहला-मानपुर क्षेत्र की रहने वाली थी और रायपुर के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह पढ़ाई के लिए जोरा में किराये के मकान में रह रही थी।
14 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे किशन होटल बंसल पैराडाइज पहुंचा। होटल स्टाफ उसे पहले से जानता था। उसने डबल बेड कमरा मांगा और बताया कि रीमन थोड़ी देर में आने वाली है। होटल मैनेजर ने दोनों की पहचान के लिए आइडी की जानकारी मांगी तो किशन ने बताया कि दोनों के आधार कार्ड पहले से होटल के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। रिकॉर्ड देखने के बाद उसे तीसरे फ्लोर का कमरा नंबर 401 दिया गया।
करीब 11 बजे रीमन भी होटल पहुंच गई। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे किशन ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। होटल कर्मचारियों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस से आंबेडकर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने जांच के बाद रीमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि किशन का उपचार जारी है।
एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा ने बताया कि किशन की सर्जरी की गई है और फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं है। इसलिए अभी उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है। उसके बयान के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने रीमन के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। किशन के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

