Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कश्यप कॉलोनी में शराब के नशे में एक युवक ने कपड़ा व्यापारी और उसके भाइयों को तलवारनुमा धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले आरोपी लोहे की राड लेकर दुकान पहुंचा था और शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी।
कुछ देर बाद आरोपी दोबारा दुकान पहुंचा। इस बार उसके हाथ में तलवारनुमा धारदार हथियार था। उसने दुकान में हंगामा करते हुए व्यापारी और उसके भाइयों को धमकाया। इसी दौरान उसने धारदार हथियार से खुद के शरीर पर भी वार कर लिया। बाद में दुकान के बाहर खड़ी कार में लोहे की राड मारकर तोड़फोड़ कर दी।
कश्यप कॉलोनी की गली नंबर-4 निवासी राहुल गुप्ता (26) बरसैया ट्रेडर्स के नाम से कपड़े की थोक दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने भाई आशुतोष गुप्ता और पराग गुप्ता के साथ दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान पुराना बस स्टैंड निवासी अनुराग कश्यप नशे की हालत में लोहे की राड लेकर दुकान पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौज कर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। लोगों के समझाने पर वह वहां से चला गया, लेकिन करीब 15 मिनट बाद दोबारा दुकान पहुंच गया।
आरोप है कि दुकान में घुसते ही अनुराग ने राहुल और उनके दोनों भाइयों को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने दुकान में तोड़फोड़ और दुकान जलाने की धमकी भी दी। दुकान के गार्ड ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। राहुल और उनके भाइयों ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा।
इसके बाद आरोपी ने अपने हाथ में मौजूद धारदार हथियार से खुद के शरीर पर वार करना शुरू कर दिया। इससे दुकान में मौजूद लोग घबरा गए। दुकान से बाहर निकलने के बाद उसने कार में लोहे की राड मारकर तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद राहुल गुप्ता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी अनुराग कश्यप को गिरफ्तार कर लिया और संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

