Raipur News : होटल के कमरे में गंभीर हालत में मिले युवक-युवती, पुलिस ने सील किया कमरा; जांच जारी

Raipur News : होटल के कमरे में गंभीर हालत में मिले युवक-युवती, पुलिस ने सील किया कमरा; जांच जारी

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर के झूलेलाल चौक स्थित बंसल पैराडाइज होटल में युवक-युवती के गंभीर हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। कमरे से युवती के चिल्लाने की आवाज आने के बाद होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना गंज थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी कृष्ण कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है, जबकि युवती रिमन मंडावी मोहला-मानपुर की रहने वाली बताई गई है। दोनों ने शुक्रवार सुबह अलग-अलग समय पर होटल में प्रवेश किया था। दोपहर करीब तीन बजे कमरे से झगड़ने और चिल्लाने की आवाजें आने के बाद होटल स्टाफ को शक हुआ।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल होटल पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो दोनों अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने दोनों को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने कथित तौर पर नुकीले हथियार से युवती पर हमला किया और इसके बाद खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। हालांकि घटना की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस दोनों के बीच संबंध और विवाद के कारणों सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

घटना के बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है। पुलिस टीम होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा दोनों के मोबाइल फोन और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।


Related Articles