Raipur News: छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद स्वर्गीय मिनीमाता की पुण्यतिथि, सीएम साय बोले- समाज और महिला उत्थान में उनका योगदान सदैव रहेगा यादगार

Raipur News: छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद स्वर्गीय मिनीमाता की पुण्यतिथि, सीएम साय बोले- समाज और महिला उत्थान में उनका योगदान सदैव रहेगा यादगार

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की प्रथम महिला सांसद और समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने उनके समाजसेवा और महिला उत्थान के क्षेत्र में किए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि मिनीमाता ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मिनीमाता ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई। उन्होंने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के विरोध में समाज से लेकर संसद तक अपनी बात रखी और सामाजिक बदलाव के लिए निरंतर प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि मिनीमाता का जीवन समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की सेवा के लिए समर्पित रहा। महिलाओं के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सेवाभावी और संवेदनशील व्यक्तित्व आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि समाज एवं महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा मिनीमाता के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है। यह उनके योगदान और सामाजिक सरोकारों को सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मिनीमाता के विचार और समाजसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी। उनका सेवाभावी व्यक्तित्व हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।


Related Articles