पत्रकारों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाए सरकार, 2 अक्टूबर को ‘पत्रकार मांग दिवस’ मनाएगी IJU

पत्रकारों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाए सरकार, 2 अक्टूबर को ‘पत्रकार मांग दिवस’ मनाएगी IJU

बेंगलुरु। देशभर में पत्रकारों और मीडिया संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (IJU) ने केंद्र सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर मजबूत और व्यापक राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग की है। यह मांग बेंगलुरु में आयोजित IJU की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उठाई गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलविंदर सिंह जम्मू ने की।

पत्रकारों पर बढ़ते हमलों पर जताई चिंता

बैठक में प्रस्ताव पेश करते हुए IJU के पूर्व अध्यक्ष और तेलंगाना मीडिया अकादमी के अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी ने पत्रकारों पर बढ़ते हमलों, कानूनी कार्रवाइयों और धमकियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता संवैधानिक अधिकार है, लेकिन प्रभावी सुरक्षा कानून के अभाव में देशभर में काम करने वाले पत्रकार असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

प्रस्ताव में पत्रकारों के गोपनीय स्रोतों को भी कानूनी संरक्षण देने की मांग की गई। IJU ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पत्रकारों की सुरक्षा और उनके पेशेवर अधिकारों की रक्षा बेहद जरूरी है।

वर्किंग जर्नलिस्ट कानून बहाल करने की मांग

IJU ने वर्ष 1955 और 1958 के वर्किंग जर्नलिस्ट कानूनों के निरस्त होने के बाद पत्रकारों की नौकरी की सुरक्षा, वेतन संरक्षण और बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए व्यापक कानून बनाने की मांग की। इसके साथ ही केंद्र सरकार से मीडिया संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की भी अपील की गई।

2 अक्टूबर को मनाया जाएगा ‘पत्रकार मांग दिवस’

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन ने अपने आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। IJU ने घोषणा की कि 2 अक्टूबर को देशभर में ‘पत्रकार मांग दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान पत्रकार अपनी लंबित मांगों के समाधान के लिए आवाज उठाएंगे।

वहीं 16 नवंबर, राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मजबूत ‘राष्ट्रीय मीडिया काउंसिल’ की आवश्यकता को लेकर देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर गोलमेज बैठकें और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।

अक्टूबर में महिला पत्रकारों का राष्ट्रीय सम्मेलन

बैठक में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में हैदराबाद में महिला पत्रकारों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। सम्मेलन में महिला पत्रकारों से जुड़े पेशेवर मुद्दों, सुरक्षा और कार्यस्थल से संबंधित विषयों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक में IJU के महासचिव डी. सोमसुंदर ने पिछले चार महीनों की संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में छत्तीसगढ़ से राज्य सचिव सुधीर आजाद तंबोली, महिला प्रतिनिधि स्वाति कौशिक सहित करीब 15 राज्यों के 90 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।


Related Articles