Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। उरला औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला विजय ट्रांसमिशन फैक्ट्री का है, जहां हादसे में स्थानीय ग्रामीण रामजी निषाद की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री के सामने पहुंचकर धरने पर बैठ गए।
बताया जा रहा है कि विजय ट्रांसमिशन फैक्ट्री में कुछ दिन पहले भी एक हादसा हुआ था, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते एक सप्ताह के दौरान उरला क्षेत्र की ईश्वर TMT, बालाजी स्टील और विजय ट्रांसमिशन फैक्ट्रियों में हुए अलग-अलग हादसों में दो श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब आधा दर्जन श्रमिक घायल हुए हैं।
रामजी निषाद की मौत के बाद ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और हालात पर नजर रखी।
श्रमिक नेता राज सिंह हाड़ा ने फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कंपनी में लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन श्रमिकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि श्रमिकों का PF और ESIC जैसी सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है।
राज सिंह हाड़ा ने कहा कि ग्रामीण की मौत के बाद वे पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाने के लिए फैक्ट्री पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि घटना के बाद भी प्रबंधन की ओर से कोई जिम्मेदार व्यक्ति बातचीत के लिए सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी है। हादसे की परिस्थितियों और फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

