Dondi-Lohara News : भालू के हमले से घायल हुआ बुजुर्ग, ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

Dondi-Lohara News : भालू के हमले से घायल हुआ बुजुर्ग, ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

Chhattisgarh Dondi-Lohara News : डौंडीलोहारा। छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम पंचायत भंवरमला के आश्रित ग्राम रायगढ़ में जंगल गए 60 वर्षीय ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे रायगढ़ निवासी संत राम मंडावी जंगल में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालू ने उनके कंधे समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

अचानक हुए हमले से संत राम मंडावी संभल नहीं पाए। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह खुद को भालू के चंगुल से छुड़ाया और शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भालू घने जंगल की ओर भाग चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव के आसपास भालू के विचरण की जानकारी मिल रही थी। इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन ग्रामीणों को सतर्क करने या भालू को आबादी वाले क्षेत्र से दूर करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

गौरतलब है कि कांकेर क्षेत्र में भी हाल ही में भालू के हमले की घटनाएं सामने आई थीं। ऐसे में डौंडीलोहारा क्षेत्र में हुई इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।


Related Articles