Sakti School Video: सक्ती। जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल किरारी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में कुछ लोग विद्यालय परिसर में कथित रूप से शराब और चिकन पार्टी करते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग विद्यालय के शिक्षक हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की शिक्षा और अनुशासन का स्थान है। ऐसे में यदि परिसर में इस तरह की गतिविधियां हुई हैं तो यह गंभीर और आपत्तिजनक मामला है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे शुक्रवार को पूरे मामले की लिखित शिकायत ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से करेंगे। उनका कहना है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से यह भी मांग की है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाए, ताकि वायरल वीडियो की वास्तविकता सामने आ सके और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई हो।
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या कार्रवाई सामने नहीं आई है। वहीं, वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। संबंधित शिक्षकों का पक्ष भी सामने नहीं आया है।
सक्ति से नीलकंठ धिरहे की रिपोर्ट

