Durg News: दुर्ग में गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का शुभारंभ, सांसद विजय बघेल ने किया भूमि पूजन

Durg News: दुर्ग में गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का शुभारंभ, सांसद विजय बघेल ने किया भूमि पूजन

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दक्षिण कौशल गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का सोमवार को मिनी स्टेडियम, पदमनाभपुर (दुर्ग) में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजय बघेल ने वैदिक मंत्रोच्चार और पंडितों के सान्निध्य में पूजा-अर्चना कर भगवान श्री गणेश से प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

भूमि पूजन के बाद सांसद विजय बघेल ने महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया और पंडाल निर्माण में जुटे बंगाल से आए शिल्पकारों एवं कारीगरों से चर्चा कर उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि गणेश महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समिति के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का मुख्य आकर्षण रामेश्वरम तीर्थ की भव्य प्रतिकृति होगी। विशाल पंडाल में रामेश्वर मंदिर, धनुषकोडी, रामसेतु, श्रीलंका द्वीप का प्रतीकात्मक स्वरूप, 22 पवित्र तीर्थ कुंड, अग्नि तीर्थ और 1008 स्तंभों वाले मंदिर परिसर की आकर्षक झांकियां तैयार की जाएंगी। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश महोत्सव की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं और श्रद्धालुओं को धार्मिक, सांस्कृतिक व आध्यात्मिक अनुभव एक ही स्थान पर मिलेगा।

भूमि पूजन समारोह में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी विश्वास चंद्राकर, एमआईसी सदस्य लिलेश अग्रवाल, पार्षद संजय अग्रवाल, लीलाधर पाल, रत्नाकर राव, राजेश शर्मा, राजेंद्र सिंह भाटिया, पवन चंद्राकर, संतोष सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और भगवान श्री गणेश के जयघोष के साथ महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ हुआ।


Related Articles