Indore News: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रक्रिया हुई आसान, जोन कार्यालयों में मिलेगी पूरी सुविधा

Indore News: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रक्रिया हुई आसान, जोन कार्यालयों में मिलेगी पूरी सुविधा

Indore News: इंदौर। इंदौर नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी सेवाओं का विकेंद्रीकरण करने का फैसला लिया है। अब नागरिकों को नया प्रमाण पत्र बनवाने, उसमें संशोधन (करेक्शन) कराने या डुप्लीकेट कॉपी प्राप्त करने के लिए निगम मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह सुविधा अब शहर के सभी 22 जोन कार्यालयों में उपलब्ध कराई जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत नागरिक अपने नजदीकी जोन कार्यालय में ही जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सभी कार्य करवा सकेंगे। इसमें नए प्रमाण पत्र जारी करना, नाम, जन्म या मृत्यु तिथि सहित अन्य विवरणों में सुधार करना और डुप्लीकेट प्रमाण पत्र जारी करना शामिल है। इससे लोगों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।

अब तक पूरे शहर के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े कार्य केवल नगर निगम मुख्यालय से संचालित होते थे। एक ही स्थान पर अधिक संख्या में आवेदनों के कारण लोगों को लंबी कतारों और घंटों इंतजार का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मुख्यालय पर भीड़ का दबाव कम होगा और सेवाओं का तेजी से निपटारा किया जा सकेगा।

नगर निगम का मानना है कि इस फैसले से प्रतिदिन सैकड़ों और हर महीने हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। जोन स्तर पर सेवाएं उपलब्ध होने से प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनेगी।


Related Articles