Balrampur News: बलरामपुर। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डौरा में शुक्रवार को महान उपन्यासकार एवं संवेदनशील साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती साहित्यिक और शैक्षिक गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संजय एक्का एवं संकुल समन्वयक संजय प्रजापति ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सदस्य ब्रजभूषण एवं आर्यन कुमार ने मुंशी प्रेमचंद के जीवन, साहित्य और लेखन शैली पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं प्राचार्य संजय एक्का ने अपने संबोधन में प्रेमचंद के प्रसिद्ध उपन्यास गोदान, गबन, कफन, रंगभूमि, कर्मभूमि और सेवासदन का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को उनकी रचनाओं में निहित सामाजिक संवेदनाओं और यथार्थवादी दृष्टिकोण से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद का साहित्य समाज में व्याप्त असमानता, शोषण और सामाजिक विसंगतियों का सशक्त प्रतिबिंब है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानियों ‘पंच परमेश्वर’ और ‘मंत्र’ का प्रभावशाली नाट्य मंचन प्रस्तुत किया। इसके साथ ही मुंशी प्रेमचंद के जीवन, साहित्य और सामाजिक योगदान पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी तथा संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुति और प्रभावी अभिनय से प्रेमचंद की कहानियों के सामाजिक संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसकी सभी उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद का साहित्य आज भी सामाजिक समरसता, न्याय, मानवीय संवेदनाओं और नैतिक मूल्यों की प्रेरणा देता है। ऐसे साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में भाषा कौशल, अभिव्यक्ति क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह कार्यक्रम शिक्षा विभाग एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के समन्वयन एवं शैक्षणिक सहयोग में फाउंडेशन के सदस्य आर्यन कुमार एवं ब्रजभूषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संजय एक्का, संकुल समन्वयक संजय प्रजापति, शिक्षक कॉर्नेलियस तिर्की, केश्वर, जयमन तिग्गा, दीपक साहू, एकनाथ यादव, नागेश कुमार चंद्रा, पुरुषोत्तम साहू, प्रकाश कुजूर, विवियाना मिंज, महेश्वरी मरकाम, अल्पना टोप्पो, अनिता कुजूर, तरन्नुम खान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

