Chhattisgarh Dongargarh News : डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ भाजपा में संगठनात्मक असंतोष लगातार गहराता जा रहा है। 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे के बाद अब पूर्व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तुलसी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री बलविंदर सिंह भाटिया सहित 26 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। लगातार हो रहे इस्तीफों से संगठन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को भेजे गए इस्तीफा पत्र में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोट पर परिवारवाद, गुटबाजी और समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संगठन में फैसले कुछ चुनिंदा लोगों के प्रभाव में लिए जा रहे हैं, जिससे लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
इससे पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे की खबर सामने आने पर भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा था कि उन्हें किसी प्रकार का इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं इस्तीफा देने वाले नेताओं का दावा है कि यह छत्तीसगढ़ में भाजपा के इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक इस्तीफा है। उनका सवाल है कि जब इस घटनाक्रम की जानकारी प्रदेश और देशभर में पहुंच गई, तो जिला अध्यक्ष को इसकी जानकारी कैसे नहीं मिली।
भाजपा से इस्तीफा देने वालों में जमीनी कार्यकर्ता अनिल पांडेय के साथ नगर पालिका पार्षद अमित छाबड़ा भी शामिल हैं। लगातार सामने आ रहे इस्तीफों के बाद माना जा रहा है कि डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर आने वाले दिनों में नई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

