Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सूरजपुर ने प्रतापपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला पहाड़करवां के एक शिक्षक पर विद्यालय में शराब के नशे में आने और छात्रों से दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए उनके निलंबन की मांग की है। इस संबंध में परिषद के कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
अभाविप के सूरजपुर जिला संयोजक विकास ठाकुर ने आरोप लगाया कि शिक्षक ठाकुर प्रसाद नियमित रूप से शराब का सेवन कर विद्यालय पहुंचते हैं और छात्रों के साथ-साथ ग्रामीणों से भी अमर्यादित भाषा में व्यवहार करते हैं। उनका कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह का आचरण बेहद निंदनीय है और इससे विद्यालय का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई कर उन्हें निलंबित नहीं किया गया, तो अभाविप चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कोरिया विभाग संयोजक प्रदीप यादव, जिला संयोजक विकास ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रिंकु नाविक, रोहित गुर्जर, अभिषेक कुशवाहा, परासर दुब्बे, अरविंद सिंह और तजेंद्र कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

