Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर मुख्य बाजार में रविवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे स्थित एक ज्वेलरी दुकान संचालक की स्कूटी से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की सोने-चांदी की ज्वेलरी से भरा बैग अज्ञात युवक उठाकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हाईस्कूल के पास स्थित श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण देव सोनी रविवार सुबह रोज की तरह घर से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। उन्होंने बैग स्कूटी के अगले हिस्से में रखा और दुकान का शटर खोलने लगे। इसी दौरान एक युवक ने मौके का फायदा उठाकर स्कूटी से काले रंग का बैग उठाया और तेजी से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब कारोबारी की नजर स्कूटी पर गई तो बैग गायब था, जिसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित कारोबारी के मुताबिक, वह प्रतिदिन दुकान बंद होने के बाद ज्वेलरी घर ले जाते हैं और सुबह वापस दुकान लेकर आते हैं। चोरी हुए बैग में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपित ने रेकी की थी और इस घटना में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि कुछ दूरी पर कोई अन्य साथी वाहन लेकर मौजूद था, जिसके जरिए आरोपित मौके से फरार हो गया। मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

