Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दवनकरा में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव में स्थित एक विशालकाय आम का पेड़ अचानक स्वर्गीय रामप्रकाश के कच्चे मकान पर गिर पड़ा, जिससे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में मौजूद सभी लोग बाहर थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, क्षतिग्रस्त मकान में छह परिवार और पांच छोटे बच्चे रहते हैं। यदि हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर होते तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने से मकान पूरी तरह तबाह हो गया और परिवारों के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
हादसे के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उनके पास अब सुरक्षित आश्रय नहीं बचा है, जिससे बरसात के मौसम में उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
पीड़ित परिवारों ने शासन-प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा और राहत सहायता देने की मांग की है। उनका कहना है कि आर्थिक सहायता मिलने पर ही वे दोबारा अपना घर बनाकर सामान्य जीवन शुरू कर सकेंगे।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द राहत एवं पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द सुरक्षित आश्रय मिल सके।

