Raipur News: सड़क सुरक्षा के लिए सख्ती, अवैध पार्किंग करने वालों को ट्रैफिक पुलिस की अंतिम चेतावनी

Raipur News: सड़क सुरक्षा के लिए सख्ती, अवैध पार्किंग करने वालों को ट्रैफिक पुलिस की अंतिम चेतावनी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस ने हीरापुर रिंग रोड और सर्विस रोड पर विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़े 20 ट्रक और ट्रेलर वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों और मालिकों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की अंतिम चेतावनी भी दी गई।

ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में कमिश्नरेट रायपुर की यातायात पुलिस शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार विशेष अभियान चला रही है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात को सुचारु बनाए रखना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में 22 जुलाई 2026 को यातायात थाना टाटीबंध क्षेत्र के अंतर्गत हीरापुर रिंग रोड और सर्विस रोड पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े पाए गए 20 ट्रक और ट्रेलर वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से अन्य वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है, यातायात बाधित होता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालकों और वाहन मालिकों को सड़क और सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग नहीं करने, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि भविष्य में दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क और सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग न करें। थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में सभी सहयोग करें।


Related Articles