Patan News: गड्ढों से भरी सड़कें, अधूरे पुल और जलभराव से परेशान ग्रामीण, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

Patan News: गड्ढों से भरी सड़कें, अधूरे पुल और जलभराव से परेशान ग्रामीण, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

Chhattisgarh Patan News: पाटन। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड में जर्जर सड़कें और अधूरे पुल-पुलिया ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बने हुए हैं। वर्षों से मरम्मत का इंतजार कर रही कई प्रमुख सड़कें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं, जबकि कई स्थानों पर पुल-पुलियों का निर्माण अधूरा पड़ा है। बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो गए हैं। जगह-जगह जलभराव और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क मरम्मत और निर्माण कार्यों को लेकर संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

क्षेत्रवासियों के अनुसार झीट से जामगांव एम, जामगांव एम से करगा और गभरा तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। वहीं फुंडा से गोडपेंड्री जाने वाली सड़क भी जगह-जगह उखड़ गई है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोग इन सड़कों पर गिरकर घायल भी हो चुके हैं।

सिर्फ सड़कें ही नहीं, बल्कि पाटन विधानसभा क्षेत्र में कई पुल-पुलियों का निर्माण भी लंबे समय से अधूरा है। परसदा-टोल प्लाजा कुम्हारी मार्ग और चंदनडीह-रायपुर मार्ग पर पुलिया निर्माण अब तक पूरा नहीं हो पाया है। वहीं मगरघटा-परसदा के बीच एप्रोच रोड और पुलिया क्षतिग्रस्त होने से लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। बरसात के दौरान कई जगह पानी भरने से रास्ते बंद हो जाते हैं, जिससे किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़कें केवल आवागमन में बाधा नहीं बन रही हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास पर भी असर डाल रही हैं। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है, वहीं विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, अधूरे पुल-पुलियों का निर्माण जल्द पूरा करने और क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के दौरान बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क और पुल-पुलियों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि सुरक्षित और सुगम आवागमन हर नागरिक का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।


Related Articles