Durg News: ट्रेडिंग में रकम चार गुना करने का झांसा, 19 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Durg News: ट्रेडिंग में रकम चार गुना करने का झांसा, 19 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। अधिक मुनाफे का लालच देकर ट्रेडिंग निवेश के नाम पर 19 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। थाना उतई पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जोरातराई निवासी दीपक कुमार अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तृप्ती साहू (33), निवासी ग्राम असोगा, थाना रानीतराई ने रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कराने का झांसा दिया। आरोपी ने दावा किया था कि 28 माह में निवेश की गई राशि चार गुना हो जाएगी और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत तक ट्रेडिंग रिटर्न मिलेगा। इस भरोसे में आकर पीड़ित ने कुल 19 लाख रुपये निवेश कर दिए।

शिकायत के मुताबिक, तय अवधि पूरी होने के बावजूद न तो निवेश की गई राशि लौटाई गई और न ही किसी प्रकार का लाभ दिया गया। इसके बाद पीड़ित ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 420 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक के खातों की जांच की। बैंक लेन-देन के विश्लेषण में लाखों रुपये के संदिग्ध और अनाधिकृत वित्तीय ट्रांजेक्शन सामने आए। पूछताछ में आरोपी तृप्ती साहू ने निवेशकों से प्राप्त रकम का निजी उपयोग करने और अन्य लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों की पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड तथा कार क्रमांक CG 07 CF 8179 जब्त की है।

इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक श्रीराम पेन्ड्रो, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पाण्डेय, महिला आरक्षक पूजा सोनकर एवं बिन्दु भाले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक मुनाफे का लालच देने वाली किसी भी निवेश योजना, ट्रेडिंग कंपनी या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिकता और पंजीयन की पूरी जांच अवश्य करें। बिना सत्यापन के निवेश करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।


Related Articles