CG Surajpur News: स्वच्छता और शिक्षा का दिया संदेश: जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा ने थामा झाड़ू, शाला प्रवेश उत्सव में बढ़ाया बच्चों का उत्साह

CG Surajpur News: स्वच्छता और शिक्षा का दिया संदेश: जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा ने थामा झाड़ू, शाला प्रवेश उत्सव में बढ़ाया बच्चों का उत्साह

CG Surajpur News: सूरजपुर। सूरजपुर जिले के विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम दूरती और गोंदा में आयोजित स्वच्छता एवं शिक्षा से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि देवपाल सिंह पैकरा ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने दूरती स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वच्छता अभियान के तहत स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया, वहीं ग्राम गोंदा में आयोजित संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत ग्राम पंचायत दूरती के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा ने स्वयं श्रमदान करते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ विद्यालय और स्वच्छ वातावरण बेहतर शिक्षा और स्वस्थ जीवन की आधारशिला है।

इस अभियान में ग्राम पंचायत दूरती की सरपंच श्रीमती पंचमढ़ी सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

इसके बाद ग्राम गोंदा में आयोजित संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं जिला पंचायत अध्यक्ष ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की मजबूत नींव होता है। बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समाज, अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर कार्य करना होगा, ताकि हर बच्चा अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सके।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे। दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता और शिक्षा के महत्व का प्रभावी संदेश दिया गया तथा समाज को इन दोनों क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।


Related Articles